Advertisement Carousel
Uncategorized

सड़क सुरक्षा के लिए अदाणी फाउंडेशन का जागरूकता अभियान शुरू….चालानियों को बाँटे निःशुल्क हेलमेट, यातायात पुलिस के साथ वाहन चालकों की सुरक्षा का प्रयास

रायगढ़; : अदाणी फाउंडेशन द्वारा रायगढ़ जिले में सड़क सुरक्षा के लिए जागरूकता अभियान की पहल की जा रही है। इसकी शुरुआत मंगलवार को रायगढ़ शहर के कोड़ाताराई चौक से की गई। जिला पुलिस प्रशासन रायगढ़ और अदाणी पॉवर लिमिटेड, रायगढ़ के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित इस शिविर का उद्घाटन जिला पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल और यातायात उप पुलिस अधीक्षक रमेश कुमार चंद्रा की गरिमामई उपस्थिति में हुआ।

advertisement

इस दौरान पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने दो पहिया चालकों को हेलमेट पहनने का आग्रह करते हुए अदाणी फाउंडेशन द्वारा प्रदान की गई हेलमेट का निःशुल्क वितरण किया और सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के लिए प्रेरित किया। इस अभियान में पहले ही दिन करीब 150 दो पहिया चालकों को हेलमेट प्रदान कर सड़क सुरक्षा की जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक कर दुर्घटनाओं से बचाव के लिए प्रेरित करना था। इसके साथ ही सड़क दुर्घटना में कमी लाने और यातायात नियमों के पालन हेतु नग रोड स्टॉपर भी जिला यातायात पुलिस को प्रदान किया गया। इस अभियान के दौरान अदाणी फाउण्डेशन द्वारा कुल 1000 हेलमेट और 50 रोड स्टॉपर का वितरण किया जाना है।

इस अवसर पर हुए पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने कहा, “सड़क दुर्घटना में कमी लाने के लिए यातायात नियमों का पालन अनिवार्य है। सड़क सुरक्षा के लिए अदाणी फाउंडेशन द्वारा जागरूकता अभियान की यह पहल काफी सराहनीय है। इस अभियान में अदाणी फाउंडेशन द्वारा जिला पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर क्षेत्र के दो पहिया चालकों को निःशुल्क हेलमेट का वितरण किया जा रहा है। साथ ही 10 रोड स्टॉपर भी यातायात पुलिस को प्रदान किया गया है।” रायगढ़ यातयात पुलिस की टीम के अलावा अदाणी पॉवर लिमिटेड के संचालन और रखरखाव प्रमुख शशधर दास, एच आर प्रमुख घनश्याम दास गर्ग, सीएसआर प्रमुख पूर्णेंदु कुमार, सिक्योरिटी प्रमुख नटवर सिंह और उप महाप्रबंधक कॉर्पोरेट अफेयर्स सिद्धार्थ रक्षित शामिल थे।

अदाणी पॉवर लिमिटेड से शशधर दास ने कहा, “अदाणी पावर लिमिटेड, रायगढ़ द्वारा जिला पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में सड़क सुरक्षा अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। अदाणी पावर लिमिटेड क्षेत्र वासियों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है, जिसके तहत हम पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर सिलसिलेवार तरीके से 1000 हेलमेट का वितरण करेंगे और उनको सड़क सुरक्षा के लिए जागरूक करेंगे।“

उल्लेखनीय है कि अदाणी पॉवर लिमिटेड की रायगढ़ जिले के पुसौर ब्लॉक में दो इकाइयां कुल 600 मेगावाट की क्षमता पिछले पाँच सालों से संचालित है और कुल 800 मेगावाट क्षमता की दो इकाइयों के विस्तारीकरण की प्रक्रिया जारी है। अदाणी समूह के सतत सामाजिक सरोकारों की प्रतिबद्धता के तहत आसपास के 21 हजार से अधिक जनसंख्या वाले कुल 20 ग्रामों में अदाणी फाउंडेशन के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका उन्नयन और ढांचागत विकास के कई कार्यक्रमों का संचालन किया जा रहा है। सामाजिक सरोकार की इसी कड़ी में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान की शुरुआत भी की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING