Advertisement Carousel
Uncategorized

नगर कोतवाल ने किया मेधावी छात्रों, गुड सेमेरिटन और समाजसेवियों का सम्मान

रायगढ़, । समाज के लिए कुछ करने की भावना रखने वालों को जब पहचान और सम्मान मिलता है, तो यह न केवल उनका उत्साह बढ़ाता है बल्कि दूसरों के लिए भी प्रेरणा बनता है। इसी सोच को साकार करते हुए रायगढ़ पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल के मार्गदर्शन में नगर पुलिस ने एक विशेष कार्यक्रम आयोजित कर समाज के नायकों को सम्मानित किया। इस मौके पर नगर कोतवाल सुखनंदन पटेल, उप निरीक्षक ऐनु देवांगन ने थाना परिसर में मेधावी छात्र-छात्राओं, सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद करने वाले ‘गुड सेमेरिटन’, गौसेवा में योगदान देने वाले नागरिकों और पुलिस मित्रों को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया।

शिक्षा के सितारे हुए रोशन
अच्छे अंक लाने वाले छात्रों का हौसला बढ़ाने के लिए इस कार्यक्रम में कक्षा 10वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली रश्मी देवांगन (89%) और हर्ष निषाद (88%) को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इन छात्रों की मेहनत और लगन को सराहते हुए पुलिस ने कहा कि वे आगे भी इसी तरह जिले का नाम रोशन करें।

advertisement

‘गुड सेमेरिटन’ – जिन्होंने वक्त पर बढ़ाया मदद का हाथ
सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद करना किसी देवकार्य से कम नहीं। ऐसे ही नेकदिल युवाओं को ‘गुड सेमेरिटन’ सम्मान से नवाजा गया, जिनमें अजय वैष्णव, समीर अहमद, महेश साहू, राजेश बरेठ, मोहन लाल कर्ष और श्याम शर्मा का नाम शामिल है। इन्होंने अपने त्वरित निर्णय और इंसानियत की भावना से जरूरतमंदों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाने में मदद की।

गौसेवा में भी मिसाल बने समाजसेवी
गायों की सेवा और संरक्षण में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सुमीत बेहरा और देवांस पाण्डेय को विशेष सम्मान दिया गया। इनका समर्पण न केवल पशुओं के प्रति प्रेम को दर्शाता है, बल्कि समाज में एक सकारात्मक संदेश भी देता है।

पुलिस मित्रों को मिला सराहनीय सम्मान
समाज और पुलिस के बीच सेतु का कार्य करने वाले पुलिस मित्रों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। इस अवसर पर समीर घोष और उमेश सिंह को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई। पुलिस मित्रों ने हमेशा की तरह असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस को सतर्क किया और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दिया।

पुलिस की अपील – समाजहित में आगे आएं, अपराध पर लगाम लगाएं
नगर कोतवाल श्री सुखनंदन पटेल ने इस अवसर पर सभी सम्मानित व्यक्तियों को बधाई देते हुए समाज के अन्य नागरिकों से भी अपील की कि वे पुलिस का सहयोग करें और असामाजिक तत्वों की जानकारी दें। उन्होंने कहा कि ऐसे समाजसेवियों को भविष्य में भी सम्मानित किया जाएगा और पुलिस अपराध के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रखेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING