Advertisement Carousel
Uncategorized

कृष्णा स्टील प्लांट में हुई चोरी का खुलासा, पूंजीपथरा पुलिस ने एक आरोपी को धर दबोचा, चोरी का माल बरामद

रायगढ़, 11 अप्रैल । कृष्णा स्टील प्लांट में चोरी के मामले में पूंजीपथरा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। प्लांट से महंगे औद्योगिक सामान की चोरी के आरोप में पुलिस ने एक आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी से 75 किलो वजनी एक क्रेन चक्का जब्त किया गया है जिसकी कीमत लगभग 20 हजार रुपये है। मामला न्यायालय में प्रस्तुत कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
घटना की जानकारी 21 मार्च को सामने आई जब प्लांट के सुरक्षा प्रभारी समर बहादुर ने पूंजीपथरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया था कि 20-21 मार्च की रात चार युवक प्लांट की सीमा में घुसकर वहां रखे तीन क्रेन चक्के और दो पंखा मोटर को मोटरसाइकिल में लादकर चोरी कर ले गए। शिकायत पर तत्काल थाना पूंजीपथरा में अपराध क्रमांक 63/2025 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4), 305(E), और 3(5) बीएनएस के तहत जांच शुरू की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल की जांच के दौरान प्लांट के गार्ड से पूछताछ की, जिसमें एक युवक की पहचान हुई। इसके बाद संदेही और उसके साथियों की तलाश तेज कर दी गई। थाना प्रभारी राकेश मिश्रा द्वारा विशेष मुखबिर तैनात किए गए। आज मिली गोपनीय सूचना के आधार पर संदेही लक्ष्मीकांत राठिया पिता भगवानो राठिया (उम्र 20 वर्ष), निवासी ग्राम सराईपाली, हाल निवासी ग्राम तुमीडीह को पकड़ा गया।
पूछताछ में लक्ष्मीकांत ने चोरी की वारदात में तीन अन्य साथियों के साथ शामिल होना स्वीकार किया। उसके कब्जे से एक नग भारी केन चक्का बरामद किया गया, जो घटना के समय चोरी गया था। आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई उपरांत न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
थाना पूंजीपथरा पुलिस अब आरोपी के अन्य तीन फरार साथियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING