Advertisement Carousel
Uncategorized

विभागीय उपलब्धियों पर आधारित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में जिले के नवाचारी शिक्षक शिक्षिकाओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन प्रदर्शनी में अंगना म शिक्षा, पढ़ई तुंहर दुआर, हस्तलिखित पुस्तिका निर्माण, कबाड़ से जुगाड़ विधाओं में लगाए गए स्टाल



रायगढ़, / राज्य परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार राजधानी रायपुर में विभागीय उपलब्धियों पर आधारित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का आयोजन 3 से 5 फरवरी 2022 तक किया गया। जिसमें प्रदेश के विभिन्न संभागों अंतर्गत विभिन्न जिलों के चयनित नवाचारी शिक्षक-शिक्षिकाओं को आमंत्रित किया गया था। राज्य स्तरीय उक्त प्रदर्शनी राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित की गई थी। जिसमें छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग के पंडाल में राज्य के विभिन्न संभागों अंतर्गत विभिन्न जिलों से चयनित नवाचारी एवं कोरोना काल में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अपने-अपने कार्य क्षेत्र में अपने उल्लेखनीय व उत्कृष्ट कार्यों प्रदर्शन हेतु स्टाल लगाए। इसी तारतम्य में रायगढ़ जिले से 4 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विभागीय उपलब्धियों पर आधारित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करते हुए जिले के गौरवशाली परंपरा को बरकरार रखते हुए अपने- अपने नवाचारी उल्लेखनीय गतिविधियों एवं कार्यों का स्टॉल लगाकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।


उल्लेखनीय है कि विभागीय उपलब्धियों पर आधारित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में रायगढ़ जिले में अंगना में शिक्षा कार्यक्रम की जिला नोडल व शासकीय प्राथमिक शाला खिचरी विकासखंड बरमकेला रायगढ़ में सहायक शिक्षिका के रूप में पदस्थ सुनीता यादव ने जिले में संचालित अंगना म शिक्षा कार्यक्रम का प्रतिनिधित्व करते हुए राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदर्शनी का अवलोकन कर रहे स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ.प्रेमसाय सिंह टेकाम के समक्ष बच्चों के साथ डेमो प्रस्तुत किया, जिसकी शिक्षा मंत्री जी ने प्रशंसा की। विदित हो कि सुनीता यादव एक नवाचारी शिक्षिका के रूप में जानी जाती हैं तथा वे वर्तमान में अंगना म शिक्षा के जिला नोडल के रूप में कार्य कर रही हैं।
इसी अनुक्रम में रायगढ़ जिले के शामिल अन्य शिक्षक धर्मजयगढ़ विकासखंड के नवाचारी शिक्षक श्री निरंजन लाल पटेल ने स्वरचित व संकलित पुस्तक 100 दिन सौ कहानी, कबाड़ से जुगाड़ एवं गड़बो नवा भविष्य पर आधारित प्रदर्शनी में कबाड़ से जुगाड़ व पुस्तकों का स्टाल लगाते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। शिक्षा मंत्री डॉ.प्रेमसाय सिंह टेकाम ने निरंजन पटेल द्वारा निर्मित गड़बो नवा भविष्य पुस्तक पर अपने ऑटोग्राफ  देकर जिले के शिक्षक निरंजन लाल पटेल को शुभकामनाएं भी दी। इसी तारतम्य में जिले की अन्य शिक्षिका सुश्री सुशीला साहू शासकीय प्राथमिक शाला कोसमनारा तथा श्री वीरेंद्र चौहान माध्यमिक शाला डोंगीतराई रायगढ़ ने भी विभागीय उपलब्धियों पर आधारित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में अपने नवाचारी तथा उल्लेखनीय कार्य का स्टाल लगाकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उक्त राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में अंगना म शिक्षा, पढ़ई तुंहर दुआर, हस्त पुस्तिका निर्माण आदि विषय अंतर्गत स्टाल लगाए गए थे जिसमें जिले से चयनित 4 शिक्षक शिक्षिकाओं ने विभिन्न विषय अंतर्गत स्टाल लगाकर प्रदर्शनी में जिले का प्रतिनिधित्व किया। जिले के शिक्षकों द्वारा राज्य सरकार के उपलब्धियों को बेहतर प्रदर्शन के कारण जिले का नाम रोशन करने पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री आर.पी.आदित्य, जिला मिशन समन्वयक श्री आर.के.देवांगन, एपीसी श्री भुवनेश्वर पटेल, श्री भूपेंद्र पटेल एवं श्री आलोक स्वर्णकार ने बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की है।

advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING