Advertisement Carousel
Uncategorized

भगवान परशुराम जी की शोभायात्रा को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों संग ली बैठक

रायगढ़ । अक्षय तृतीया के अवसर पर 30 अप्रैल 2025 को ब्राह्मण सेवा समिति द्वारा भगवान परशुराम जी की भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण रूप से संपन्न कराने को लेकर आज पुलिस कार्यालय में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आकाश मरकाम की अध्यक्षता में ब्राह्मण समाज के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में श्री रामचंद्र शर्मा ने कार्यक्रम की रूपरेखा तथा शोभायात्रा के रूट की जानकारी देते हुए बताया कि यात्रा परशुराम मंदिर से प्रारंभ होकर हंडी चौक, हटरी चौक, गद्दी चौक, कोस्टा पारा, मंदिर चौक, सिल्वर पैलेस, रामनिवास टाकीज, गांधी चौक, स्टेशन चौक, नटवर स्कूल, सतीगुड़ी चौक से होते हुए पुनः परशुराम मंदिर में समापन होगी। शोभायात्रा के पश्चात भक्तजनों के लिए महाप्रसाद का वितरण भी किया जाएगा।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आकाश मरकाम ने शोभायात्रा के दौरान यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था हेतु पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने आयोजकों को आवश्यक सुझाव भी दिए ताकि आयोजन पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके। बैठक में डीएसपी साइबर सेल श्री अनिल विश्वकर्मा, कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल, डीसीबी प्रभारी डीपी साहू सहित ब्राह्मण समाज के प्रमुख पदाधिकारी श्री रामचंद्र शर्मा, अध्यक्ष श्री प्रवीण शर्मा, सचिव श्री आदित्य शर्मा, कोषाध्यक्ष श्री अरविंद कुमार शर्मा, पूर्व अध्यक्ष श्री विजय शर्मा, श्री कमल शर्मा, श्री गोपाल शर्मा और श्री अनिल कटियार उपस्थित रहे।

advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING