Advertisement Carousel
Uncategorized

जहर सेवन मामले में चक्रधरनगर पुलिस ने तीन आरोपियों को भेजा जेल, छेड़खानी व उत्प्रेरण की धाराओं में हुई सख्त कार्रवाई

रायगढ़ । चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश करने वाले एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस पूरे मामले में चक्रधरनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अरुण मिश्रा, संतोष मिश्रा और नितिन मिश्रा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 31 मई को एक महिला ने थाना चक्रधरनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसने व उसके पति ने अरुण मिश्रा, निवासी टीवी टावर रोड रायगढ़, से सात लाख रुपये कर्ज लिया था, जिसकी किस्तें वह समय-समय पर चुकाई है। महिला का आरोप है कि 30 मई की शाम अरुण मिश्रा उसके घर में जबरन घुस आया और पैसे वापस करने को लेकर गाली-गलौज करते हुए अभद्र बातें करने लगा। साथ ही उसने महिला को घर से बेदखल करने की धमकी दी। महिला के अनुसार अरुण मिश्रा ने सादे स्टांप पेपर में उससे जबरन हस्ताक्षर भी करवा लिए थे और लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। इसी तनाव के चलते उसके पति ने जहर सेवन कर आत्महत्या की कोशिश की थी। पहले उन्हें मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में भर्ती कराया गया और बाद में गंभीर स्थिति को देखते हुए रामकृष्ण केयर अस्पताल रायपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

advertisement

महिला की शिकायत के आधार पर थाना चक्रधरनगर में अरुण मिश्रा के विरुद्ध अपराध क्रमांक 232/2025 अंतर्गत धारा 333, 75(1)(2)(4), 308(2) बीएनएस दर्ज किया गया था। बाद में रायपुर के टिकरापारा थाना से मर्ग तहरीर प्राप्त होने के बाद प्रकरण में धारा 108 बीएनएस को भी जोड़ा गया। जांच के दौरान पुलिस को यह भी साक्ष्य मिले कि अरुण मिश्रा के साथ उसके बेटे संतोष मिश्रा और नितिन मिश्रा ने भी पीड़ित को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए उकसाया था। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पूरे मामले की जांच पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के दिशा निर्देशन, नगर पुलिस अधीक्षक आकाश शुक्ला के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक अमित शुक्ला, उप निरीक्षक गेंदलाल साहू, सहायक उप निरीक्षक नंदकुमार सारथी व उनकी टीम द्वारा गंभीरता से की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING