Advertisement Carousel
Uncategorized

15 टन सरिया हेराफेरी : पूंजीपथरा पुलिस ने चोरी की संपत्ति खरीदने वाले आरोपी को ओडिशा में दबोचा, ट्रक और चोरी माल बरामद

रायगढ़, । जिले की पूंजीपथरा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। 15 टन सरिया की हेराफेरी में शामिल और चोरी की संपत्ति खरीदने वाले आरोपी मनोज मोटारी को पुलिस ने ओडिशा के बरगढ़ जिले से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने फरार ट्रक चालक से लगभग 4 टन शुभ गोल्ड ब्रांड सरिया खरीदा था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। वहीं, इस मामले का मुख्य आरोपी ट्रक चालक राधेश्याम साहू फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।

advertisement

घटना की शुरुआत 31 मई 2025 को हुई थी, जब ट्रांसपोर्टर “साहू रोड लाइन रायगढ़” के माध्यम से ट्रक क्रमांक CG 04 NY 4465 में करीब ₹7,80,398 मूल्य की 15 टन सरिया अजय इंगाड रोलिंग मिल से लोड कर जैजैपुर, बाराद्वार के लिए रवाना किया गया था। ट्रक चालक राधेश्याम साहू, निवासी बाबूपाली, जिला बलांगिर, ओडिशा को यह सरिया पहुंचाना था, लेकिन 1 जून तक जब माल नहीं पहुंचा तो मिल प्रबंधन को संदेह हुआ। चालक का मोबाइल बंद हो गया, जिससे मामला संदिग्ध लगने लगा।
इसके बाद कंपनी के एचआर मोहसीन रज़ा ने 3 जून को पूंजीपथरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिस पर थाना पूंजीपथरा में अपराध क्रमांक 139/2025 धारा 316(3) भा.दं.सं. (बीएनएस) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल एवं डीएसपी साइबर सेल अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा ने मामले की तह तक जाने के लिए जांच तेज की।
सूत्रों से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ओडिशा के ग्राम दीप्तीपुर, थाना मेलछामुंडा पहुंची, जहां भारत पेट्रोल पंप के पास खाली ट्रक मिला जिसे जप्त कर लिया गया। मुख्य आरोपी राधेश्याम की तलाश में पुलिस को उसके सहयोगी मनोज मोटारी का सुराग मिला। आरोपी मनोज ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने राधेश्याम से लगभग 4 टन सरिया खरीदी थी, आरोपी के कब्जे से 4 टन सरिया करीब ₹200000 की संपत्ति की जप्ती की गई है।
मनोज मोटारी, निवासी पंचभैया, थाना पदमपुर, जिला बरगढ़, ओडिशा को चोरी की संपत्ति खरीदने के आरोप में धारा 317(2) बीएनएस के तहत गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने सरिया की बरामदगी के साथ आरोपी को आज गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया है । मामले की जांच पड़ताल, आरोपियों की पतासाजी, गिरफ्तारी में थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक राकेश मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक जय राम सिदार, प्रधान आरक्षक विनीत तिर्की, आरक्षक ओमप्रकाश तिवारी और सुरेंद्र यादव की अहम भूमिका रही है। मामले में आगे की जांच जारी है और मुख्य आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING