Advertisement Carousel
Uncategorized

अवैध शराब और जुआ के खिलाफ कार्रवाई, कोतरारोड़ में 25 लीटर महुआ शराब जब्त, जूटमिल और घरघोड़ा में खुड़खुड़िया जुआ रेड में दो गिरफ्तार

रायगढ़ — रायगढ़ जिले में पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देशन में जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। रविवार 29 जून को चक्रधरनगर, कोतरारोड़, जूटमिल और घरघोड़ा पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध शराब बिक्री और जुआ खेलने के मामलों में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
कोतरारोड़ थाना प्रभारी के निर्देशन में ग्राम तारापुर राजापारा मोहल्ला में अवैध शराब बिक्री की सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश दी। मौके पर महिला भुरी बाई निषाद (31 वर्ष) अपने घर के सामने गली में महुआ शराब बेचते पकड़ी गई। उसके कब्जे से 15 लीटर महुआ शराब (कीमत करीब 1500 रुपये) जब्त कर आरोपिया के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2), 59(क) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
इसी दिन कोतरारोड़ पुलिस को कांटाहरदी निवासी गोपाल प्रसाद जायसवाल द्वारा अपने घर के आंगन में अवैध हाथ भट्टी की शराब बिक्री हेतु रखने की सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर रेड की, जहां आरोपी गोपाल प्रसाद जायसवाल (42 वर्ष) निवासी कांटाहरदी को 10 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ पकड़ा गया। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 1000 रुपये है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की गई। दोनों कार्रवाई में प्रधान आरक्षक बाबूलाल पटेल, जय प्रकाश सूर्यवंशी, आरक्षक शुभम तिवारी, संदीप कौशिक, शिवानंद प्रधान एवं महिला आरक्षक श्यामा सिदार शामिल रहे।

advertisement


उधर, थाना जूटमिल पुलिस ने ग्राम गढ़उमरिया तालाब के पास जुआ खेलाने की सूचना पर दबिश दी। पुलिस ने मौके पर रतराम बंजारे (56 वर्ष) निवासी गढ़उमरिया सतनामी मोहल्ला को खुड़खुड़िया गोटी से जुआ खेलते पकड़ा। आरोपी के पास से 6 नग खुड़खुड़िया गोटी, जुआ सामग्री और नगदी 1130 रुपये जब्त कर उसके विरुद्ध जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6(क) के तहत कार्रवाई की गई। रेड टीम में प्रधान आरक्षक रामनाथ बनर्जी, आरक्षक लखेश्वर पुरसेठ और शशिभूषण साहू शामिल रहे।
इसी प्रकार घरघोड़ा पुलिस ने पतरापाली में जुआ खेलते आरोपियों पर कार्रवाई की। सूचना पर पुलिस पहुंची, जहां कुछ जुआड़ी पुलिस को देखकर फरार हो गए, जबकि ललित राठिया (45 वर्ष) निवासी कंचनपुर को मौके पर पकड़ा गया। आरोपी के पास से 6 नग प्लास्टिक की खुड़खुड़िया गोटी और जुआ फड़ से नगदी 720 रुपये जब्त कर धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत कार्रवाई की गई। चक्रधरनगर पुलिस ने भी ग्राम नटवरपुर में दो अलग-अलग कार्रवाइयों को अंजाम देकर कुल 26 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING