Advertisement Carousel
Uncategorized

कोतवाली पुलिस ने दानीपारा चोरी का पूरा माल किया बरामद, पीड़ित परिवार ने ली राहत की सांस

रायगढ़, – थाना कोतवाली क्षेत्र के दानीपारा में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित परिवार का पूरा चोरी गया सामान बरामद कर लिया है। इस कार्यवाही के बाद पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली है।
मामले की जानकारी अनुसार दिनांक 03 जुलाई 2025 को थाना कोतवाली अंतर्गत वार्ड क्रमांक 17 दानीपारा निवासी पवन बेरिवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपनी पत्नी रितिका बेरिवाल और बेटों गौरव एवं सौरव के साथ निवास करता है। 02 जुलाई को वह अपने पुत्र गौरव के साथ रोजाना की तरह हार्डवेयर दुकान चला गया था। रात करीब 9.40 बजे जब वह घर लौटा और खाना खाकर सो गया, तो सब कुछ सामान्य था।
अगली सुबह 03 जुलाई को जब उन्होंने घर का स्टोर रूम खोला, तो देखा कि दरवाजे की सांकल में लगा ताला टूटा हुआ है और कमरे में रखा कत्था रंग का बैग नीचे गिरा पड़ा है। पत्नी रितिका बेरिवाल ने बैग खोलकर देखा तो उसमें रखे गए 2 नग सोने के कड़े, 4 नग सोने की चूड़ी और 2 नग सोने की चेन गायब थे।
थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल को घटना की सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम और अपने थाने के स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए घटनास्थल की बारीकी से जांच की और अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 322/2025 धारा 305, 331(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया।
मौके की बारीकी से छानबीन करने पर चोरी गया पूरा सामान घर पर पुलिस को मिल गया, जिससे पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी सुखनंदन पटेल, उप निरीक्षक ऐनु देवांगन, एएसआई जयलाल जयसवाल एवं हमराह स्टाफ की अहम भूमिका रही। पुलिस ने चोरी की घटना पर शीघ्र नियंत्रण पाकर एक बार फिर शहरवासियों में विश्वास कायम किया है।

advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING