Advertisement Carousel
Uncategorized

शासकीय राशन घोटाले में चार आरोपी गिरफ्तार, कांदागढ़ उचित मूल्य दुकान में चावल, शक्कर, नमक और केरोसिन की हुई थी गड़बड़ी उजागर

रायगढ़ । पुसौर विकासखण्ड के कांदागढ़ स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान में वर्ष 2018 में राशन वितरण में भारी अनियमितता का मामला सामने आया है। मामले में शिकायत मिलने पर पुसौर थाना में चार आरोपियों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
प्रकरण में प्रार्थी अंजनी कुमार राव, सहायक खाद्य अधिकारी, पुसौर द्वारा थाना पुसौर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। रिपोर्ट में उल्लेख किया गया है कि कांदागढ़ की शासकीय उचित मूल्य दुकान में सचिव कृषचंद कर्ष, सरपंच श्रीमती सोमति सिदार एवं सहयोगी गौरहरि निषाद, प्रशांत सेठ और टिकेश्वर सेठ द्वारा माह जून, जुलाई एवं अगस्त 2018 में शासन से प्रदाय किए गए खाद्यान्नों – चावल, शक्कर, नमक और केरोसिन – का वितरण नहीं कर अफरा-तफरी कर शासकीय अमानत में खयानत की गई है। जांच में कुल 232.38 क्विंटल चावल, 14.53 क्विंटल शक्कर, 4.16 क्विंटल नमक एवं 1369 लीटर केरोसिन की गड़बड़ी पाई गई, जिससे शासन को आर्थिक हानि हुई।

advertisement

तत्कालीन खाद्य निरीक्षक राजन कश्यप द्वारा दिनांक 24 अगस्त 2018 को दी गई जांच रिपोर्ट एवं दस्तावेजों के आधार पर प्रकरण की रिपोर्ट कार्यालयीन पत्र क्रमांक 946/खाद्य पीडीएस/2024 पुसौर दिनांक 06 फरवरी 2025 के माध्यम से थाना को प्राप्त हुई, जिस पर प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 168/2025 धारा 409, 34 भादवि एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3, 7 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
विवेचना के दौरान प्रार्थी एवं गवाहों के कथन लिये गए तथा आरोपी गौरहरि निषाद, टीकेश्वर सेठ, प्रशांत सेठ एवं शोमति सिदार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, तत्कालीन सचिव कृषचंद कर्ष की मृत्यु की जानकारी प्राप्त हुई है, आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर चारों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी जांच कार्यवाही में थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक रामकिंकर यादव, सहायक उप निरीक्षक उमाशंकर विश्वाल एवं हमराह स्टाफ की अहम भूमिका रही है।

गिरफ्तार आरोपी–
01 गौरहरी निषाद पिता मंगल निषाद उम्र 40 वर्ष
02 टीकेश्वर सेठ पिता गुनुराम सेठ उम्र 53 वर्ष
03 प्रशांत सेठ पिता टीकेश्वर सेठ उम्र 25 वर्ष
04 श्रीमति सोमति सिदार पति स्व. विजय सिदार उम्र 50 वर्ष सभी निवासी कांदागढ़ थाना पुसौर जिला रायगढ़ (छ.ग.)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING