Advertisement Carousel
Uncategorized

सड़क दुर्घटना के बाद मारपीट मामले में फरार आरोपी वरुण सिदार गिरफ्तार, मुख्य आरोपी पहले ही जा चुका है रिमांड पर

रायगढ़– तमनार थाना क्षेत्र में 13 जुलाई को अस्थि विसर्जन से लौट रहे परिवार पर की गई मारपीट की घटना में फरार चल रहे आरोपी वरुण सिदार (31 वर्ष), निवासी ग्राम चितवाही को तमनार पुलिस ने उसके घर में दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल के निर्देशन में तथा डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में की गई, जिसमें थाना प्रभारी निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर व उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
घटना 13 जुलाई की सुबह लगभग 6 बजे की है जब लिबरा निवासी कुमारी सिदार (56 वर्ष) अपने ससुर के अस्थि विसर्जन हेतु परिवारजनों के साथ आर्टिगा कार (क्रमांक CG 13 AU 9788) से इलाहाबाद से लौट रही थीं। कार को मिनकेतन सिदार चला रहा था। लौटते समय डोलेसरा के पास विपरीत दिशा से आ रही स्वीफ्ट कार (क्रमांक CG 13 AQ 7543) ने तेज रफ्तार और लापरवाही से सामने से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्वीफ्ट चालक प्रकाश पटनायक ने मौके पर गाली-गलौज करते हुए ड्राइवर मिनकेतन सिदार से मारपीट शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी भी दी।
प्रार्थिया की शिकायत के अनुसार विवाद के दौरान प्रकाश पटनायक ने अपने साथी वरुण सिदार और अन्य लोगों को फोन कर बुला लिया, जिनके पहुंचने के बाद सभी ने मिलकर लात-घूंसे, डंडे, ईंट और चप्पलों से हमला कर गंभीर मारपीट की। इस मामले में तमनार थाना में अपराध क्रमांक 141/2025, धारा 281, 125(a), 296, 115(2), 351(2), 3(5) + 119(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इसी कड़ी में 15 जुलाई को मुख्य आरोपी प्रकाश पटनायक को पुलिस ने घरघोड़ा क्षेत्र से दबिश देकर गिरफ्तार किया था, जिसने पूछताछ में घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की थी। अब उसी कड़ी में पुलिस ने आज फरार आरोपी वरुण सिदार को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। उससे घटना में प्रयुक्त एक बांस का डंडा बरामद किया गया है। आरोपी वरूण सिदार पर थाना तमनार में मारपीट, आबकारी के मामले दर्ज है, तमनार पुलिस वरूण सिदार पर समय-समय पर प्रतिंधातमक कार्यवाही की गई है ।

advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING