Advertisement Carousel
Uncategorized

अमलीभौना बाबाधाम रोड पर हुई सड़क दुर्घटना की जांच के लिए पुलिस, परिवहन, पीडब्ल्यूडी और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम का निरीक्षण

रायगढ़– पुलिस चौकी जूटमिल क्षेत्र के अंतर्गत अमलीभौना बाबाधाम रोड पर 27 जुलाई को हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों को सामने से आ रहे ट्रेलर वाहन ने टक्कर मार दी थी, जिसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग कुमार पटेल के मार्गदर्शन में पुलिस, परिवहन, लोक निर्माण (PWD) और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने 8 अगस्त को दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर घटनाक्रम की बारीकी से जांच की।

निरीक्षण का उद्देश्य न केवल इस हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाना था, बल्कि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस और व्यावहारिक उपाय तलाशना भी था। संयुक्त टीम ने मौके पर सड़क की स्थिति, यातायात व्यवस्था और दृश्य अवरोध जैसे कारकों का बारीकी से अध्ययन किया। अधिकारियों ने पाया कि जिस स्थान पर दुर्घटना हुई, वहां सड़क की मरम्मत और सुधार कार्य को प्राथमिकता के आधार पर किया जाना आवश्यक है, ताकि वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

advertisement

इस निरीक्षण में जिला परिवहन अधिकारी अमित प्रकाश कश्यप, उप पुलिस अधीक्षक यातायात श्री उत्तम प्रताप सिंह, लोक निर्माण विभाग से श्री भूपेन्द्र श्रीवास्तव, स्वास्थ्य विभाग से डॉ. प्रदीप पटेल, iRad/eDAR परियोजना से डीआरएम दुर्गा प्रसाद, तथा थाना जूटमिल से प्रधान आरक्षक रामनाथ बनर्जी और सतीश पाठक मौजूद रहे। निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने संबंधित विभागों को सुरक्षा मानकों के अनुरूप तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने की सिफारिश की, ताकि क्षेत्र के नागरिकों को सुरक्षित यातायात सुविधा मिल सके और भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं की संभावना न्यूनतम हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING