Advertisement Carousel
Uncategorized

ढाबा बुलाकर युवक से मारपीट, घरघोड़ा पुलिस ने निगरानी बदमाश और उसके साथी पर कार्यवाही कर भेजा जेल

रायगढ़। घरघोड़ा थाना क्षेत्र में निगरानी बदमाश मनोज झरिया और उसके ढाबा में काम करने वाले सुनील सिदार पर पुलिस ने आर्म्स एक्ट की सख्त कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। मामला ग्राम डूमरपाली निवासी 33 वर्षीय लालजीत सोनार की शिकायत पर दर्ज किया गया। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि बीती रात करीब 10 बजे मनोज झरिया ने फोन कर अपने ढाबा बुलाया और जबरन काम करने का दबाव डाला। लालजीत ने मना किया तो आरोपी मनोज और उसके ढाबा कर्मचारी सुनील ने गाली-गलौज करते हुए डंडे और लात-घूंसों से हमला कर दिया, साथ ही धारदार हथियार लहराकर जान से मारने की धमकी दी। डर के मारे लालजीत वहां से भाग निकला और दूसरे दिन थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
शिकायत पर घरघोड़ा पुलिस ने अपराध क्रमांक 224/2025 धारा 296, 351(2), 115(2), 118(1), 3(5) बीएनएस और 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने पीड़ित का मेडिकल कराते हुए तत्परता से आरोपियों की तलाश की और अपने स्टाफ के साथ मनोज झरिया के ढाबा पर दबिश दी। मनोज कुमार झरिया थानाक्षेत्र का निगरानी बदमाश है, मौके पर दोनों आरोपी मिले, जिन्हें पकड़कर पूछताछ की गई। पूछताछ में उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद मनोज झरिया से घटना में प्रयुक्त डंडा और लोहे का तलवारनुमा हथियार तथा सुनील सिदार से एक डंडा बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में 38 वर्षीय मनोज कुमार झरिया पिता महेश्वर झरिया निवासी डूमरपाली कुडुमकेला और 29 वर्षीय सुनील सिदार पिता चैन कुमार सिदार निवासी कोटमी थाना डभरा, जिला सक्ती शामिल हैं। दोनों को गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी के साथ सहायक उपनिरीक्षक संजीवन वर्मा और आरक्षक चंद्रशेखर चंद्राकर, हरीश पटेल, प्रहलाद भगत भी शामिल रहे।

advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING