Advertisement Carousel
Uncategorized

घरघोड़ा पुलिस की कार्रवाई में तीन चोर गिरफ्तार – 50 हजार का माल बरामद, संगठित अपराध की धाराओं में भेजे गए रिमांड पर

रायगढ़ । घरघोड़ा पुलिस ने सुने मकान में सेंधमारी कर मोटर, लोहे के सामान चोरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ संगठित अपराध की धाराओं में कार्यवाही की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 50 हजार रुपये की चोरी गई संपत्ति बरामद कर न्यायालय में पेश करते हुए रिमांड पर भेजा है।

घटना 1 सितंबर की है जिसे लेकर कल ग्राम बोटीगुहा पुरानी बस्ती निवासी प्रार्थी अबुजर तमन्नाई ने थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि किसी अज्ञात चोर ने उसके पुराने मकान का ताला तोड़कर अंदर रखे चैनपुली, पाइप, ड्रम और अन्य लोहे के सामान चोरी कर लिए हैं। रिपोर्ट पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 234/2025 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

advertisement

जांच के दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू को मुखबिर से सूचना मिली, जिस पर संदेह के आधार पर ग्राम चोटीगुडा निवासी तीन युवकों – गुरूचरण राठिया (28), संदीप पैकरा (26) और विद्याधर चौहान (29) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। सख्ती से पूछताछ पर तीनों ने संयुक्त रूप से चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी गुरूचरण राठिया की निशानदेही पर एक्वाटेक्स कंपनी का 2 एचपी मोनोब्लॉक पंप, चैनपुली, एक ड्रम और पांच नग लोहे के पाइप बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये है।

पुलिस ने आरोपियों के संगठित रूप से अपराध करने की पुष्टि होने पर प्रकरण में धारा 112(2), 3(5) बीएनएस जोड़ी और उन्हें आज गिरफ्तार कर रिमांड पर न्यायालय भेजा। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक, आरक्षक दीपरोशन एक्का और उधो पटेल की अहम भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING