Advertisement Carousel
Uncategorized

तमनार पुलिस की बड़ी सफलता: छह माह से फरार गांजा तस्कर ओडिशा से गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट में जेल भेजा गया

रायगढ़, 14 अक्टूबर । नारकोटिक्स मामलों में सख्त कार्रवाई की नीति के तहत पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देशन पर रायगढ़ पुलिस द्वारा लगातार एंड टू एंड कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में आज तमनार पुलिस ने छह महीने से फरार चल रहे गांजा तस्कर को ओडिशा से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।

थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर, डीएसपी साइबर सेल श्री अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में अपनी टीम के साथ आरोपी की तलाश में अंगुल (ओडिशा) रवाना हुई थीं। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जहां साइबर सेल की तकनीकी मदद ली गई, वहीं मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया था। ह्यूमन इनपुट के आधार पर फरार आरोपी दिलीप कुमार प्रधान के जेएसडब्ल्यू प्लांट ठेकलोई, संबलपुर में होने की जानकारी मिलने पर तमनार पुलिस ने दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने मोबाइल फोन से यूपीआई के माध्यम से गांजा की बुकिंग और सप्लाई करने की बात कबूल की है।

advertisement

गौरतलब है कि इसी वर्ष 23 मई 2025 को ग्राम टांगरघाट के श्रीपति चौहान, रोहित किसान और विमल यादव को 37 किलो गांजा सहित गिरफ्तार किया गया था। उक्त प्रकरण में थाना तमनार में अपराध क्रमांक 105/2025 धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी, जिसमें उक्त तीनों आरोपी वर्तमान में जिला जेल रायगढ़ में निरुद्ध हैं। इस अपराध की विवेचना में गिरफ्तार आरोपियों की दिलीप कुमार प्रधान से लेन-देन संपर्क के सबूत मिले थे । जांच के दौरान फरार चल रहे आरोपी दिलीप कुमार प्रधान पिता किलोमणि मनी प्रधान उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम कांडली मुंडा थाना किशोर नगर जिला अंगुल (ओडिशा) को आज विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर के साथ प्रधान आरक्षक हेम प्रकाश सोन, आरक्षक पुरुषोत्तम सिदार और पुष्पेंद्र सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका और साइबर सेल का विशेष योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING