Advertisement Carousel
Uncategorized

कोतवाली पुलिस की बड़ी सफलता : शादी का प्रलोभन देकर भगाई गई नाबालिग सकुशल झारखंड से बरामद, आरोपी रिमांड पर भेजा गया…..

रायगढ़, 19 अक्टूबर । पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल के दिशा निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक तिवारी के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने लापता नाबालिग बालिका को झारखंड से सकुशल बरामद कर आरोपी असलम चुड़ीफरोश पिता बबलूद्दीन चुड़ीफरोश उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम झोतर थाना डंडई जिला गढ़वा (झारखंड) को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

घटना 26 सितंबर की रात की है जब नाबालिग घर से लापता हो गई थी। 27 सितंबर को बालिका की मां ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिस पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 496/2025 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि संदेही असलम चुड़ीफरोश, जो ड्रायवर का काम करता है, बालिका के संपर्क में था। इस पर थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल ने उप निरीक्षक दिलीप बेहरा के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की। जांच में पता चला कि असलम बालिका को बहला-फुसलाकर झारखंड ले गया है और उसके साथ निकाह की तैयारी कर रहा है। जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम ने आरोपी के गांव झोतर में दबिश दी, जहां निकाह की तैयारी चल रही थी। पुलिस ने सूझबूझ से कार्रवाई करते हुए बालिका को सुरक्षित कब्जे में लिया और आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर रायगढ़ लाया गया। बालिका से पूछताछ में दुष्कर्म का खुलासा हुआ, जिसके बाद मामले में धारा 87, 65(1) बीएनएस एवं 06 पोक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ी गईं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेजा गया। नाबालिग की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल के नेतृत्व में उप निरीक्षक दिलीप बेहरा, आरक्षक गणेश पैंकरा और महिला आरक्षक कस्तुरी राठिया की अहम भूमिका रही।

advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING