Advertisement Carousel
Uncategorized

गांधी प्रतिमा से गर्ल्स कॉलेज तक सब्जी बाजार लगने से संजय कॉम्प्लेक्स के स्थायी सब्जी व्यापारियों का व्यापार प्रभावित — अभिलाष कछवाहा…..

रायगढ़। फुटकर सब्जी फल संघ के सचिव अभिलाष कछवाहा ने बताया कि कोरोना काल के बाद से शहर में अस्थाई सब्जी विक्रेताओं की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। कई ऐसे लोग भी अब सब्जी बाजार में बैठने लगे हैं जो पहले कभी इस व्यवसाय से जुड़े नहीं थे। इसका सीधा असर उन व्यापारियों पर पड़ रहा है जो वर्षों से संजय कॉम्प्लेक्स सब्जी मंडी में स्थाई रूप से सब्जी बेचकर अपनी रोजी-रोटी चलाते आ रहे हैं।

advertisement

कछवाहा जी ने नगर निगम आयुक्त एवं महापौर को ज्ञापन सौंपकर बताया कि गांधी प्रतिमा से गर्ल्स कॉलेज मार्ग तक तथा पुराना शनिमंदिर से रामनिवास टॉकीज चौक तक अस्थाई सब्जी विक्रेताओं द्वारा प्रतिदिन सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा कुछ द्वारा पूरे दिन ओवरब्रिज के नीचे सब्जी बेची जा रही है। इससे संजय कॉम्प्लेक्स के स्थाई व्यापारियों की बिक्री पर बुरा असर पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि अब एक दिन की सब्जी दो से तीन दिन में बिक रही है, जिससे गरीब सब्जी विक्रेताओं को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। संजय कॉम्प्लेक्स में बैठे व्यापारियों की रोजी-रोटी केवल इसी व्यवसाय पर निर्भर है, जबकि बाहर बैठे अस्थाई विक्रेता अन्य कार्यों से भी आय अर्जित करते हैं और अपने मोहल्लों या साप्ताहिक बाजारों में भी दुकान लगाते हैं।

कछवाहा जी ने शासन-प्रशासन से आग्रह किया है कि गांधी प्रतिमा से रामनिवास टॉकीज रोड तक लगे अस्थाई सब्जी बाजार को हटाया जाए, ताकि संजय कॉम्प्लेक्स के स्थाई व्यापारियों को पुनः अपना व्यापार सुचारू रूप से चलाने में राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING