Advertisement Carousel
Uncategorized

रामभांठा मारपीट में कोतवाली पुलिस की सख्त कार्रवाई, बलवा के आरोप में 7 आरोपी गिरफ्तार…

रायगढ़, 17 दिसंबर । रामभांठा क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर हुए मारपीट और तोड़फोड़ के मामले में कोतवाली पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए बलवा के अपराध में सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथियार भी जब्त किए हैं।
कल दिनांक 16 दिसंबर 2025 को प्रार्थिया उषा चौहान पिता कमलेश चौहान उम्र 20 वर्ष निवासी जवाहर नगर रामभांठा ने थाना कोतवाली में लिखित आवेदन प्रस्तुत किया था। आवेदन में बताया गया कि 15 दिसंबर 2025 की रात्रि करीब 9 बजे उसकी बहन ईशा चौहान ने पुरानी रंजिश के चलते सोनी सारथी एवं बादल उर्फ सानू सारथी के विरुद्ध मारपीट की रिपोर्ट थाना कोतवाली में दर्ज कराई थी, जिस पर अपराध क्रमांक 659/2025 धारा 115(2), 296, 3(5), 351(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया था। रिपोर्ट दर्ज होने से नाराज होकर अगले दिन 16 दिसंबर की दोपहर सोनी सारथी अपने भाई आकाश सारथी, बादल उर्फ सानू तथा उनके अन्य साथियों अनिकेत सारथी, अंकित सारथी, ओम सारथी, कान्हा और यश के साथ हथौड़ा, डंडा एवं लोहे की रॉड लेकर प्रार्थिया के घर पहुंचे और थाना में रिपोर्ट करने की बात को लेकर गाली-गलौच करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की। आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी बुलेट मोटरसाइकिल और बजाज पल्सर एनएस-200 में भी हथियारों से तोड़फोड़ की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 661/2025 धारा 333, 296, 351(2), 115(2), 191(2), 191(3), 324(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल के नेतृत्व में उप निरीक्षक ऐनु देवांगन एवं हमराह स्टाफ द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पतासाजी कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लोहे का हथौड़ा, बेसबॉल बैट एवं बांस का डंडा बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों में बादल उर्फ सानू सारथी, आकाश सारथी, सोनी उर्फ दुर्गा सारथी, ओम सारथी, यश महानंद, अंकित सारथी एवं अनिकेत सारथी सभी निवासी जवाहर नगर रामभांठा रायगढ़ शामिल हैं, जिन्हें आज न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी :-
(1) बादल उर्फ सानू सारथी पिता रमेश सारथी उम्र 20 वर्ष
(2) आकाश सारथी पिता रमेश सारथी उम्र 28 वर्ष
(3) सोनी उर्फ दुर्गा सारथी पिता रमेश सारथी उम्र 35 वर्ष
(4) ओम सारथी पिता मनोज सारथी उम्र 19 वर्ष
(5) यश महानंद पिता सचित्रसेन महानंद उम्र 19 वर्ष
(6) अंकित सारथी पिता खोलू सारथी उम्र 21 वर्ष
(7) अनिकेत सारथी पिता खोलू सारथी उम्र 19 वर्ष सभी निवासी जवाहर नगर रामभाठा रायगढ़

advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING