Advertisement Carousel
Uncategorized

बच्चों-बुजुर्गों को घर-घर जाकर कोविड टीका लगाएगी टीम

संभावित चौथी लहर आने से पहले पूर्ण टीकाकृत जिला का लक्ष्य: जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. पटेल

advertisement

स्वास्थ्य विभाग की टीम का सहयोग करें और टीकाकृत हों: डॉ. राकेश वर्मा

रायगढ़ / , 18 साल से अधिक आयुवर्ग के कोविड टीकाकरण में बेहतर प्रदर्शन करने के बाद अब स्वास्थ्य विभाग ने 12-14 और 15-17 आयु वर्ग के छूटे हुए बच्चों को पूर्ण रूप से टीकाकृत करने का लक्ष्य तय कर लिया है। हालांकि जिले की स्थिति राज्य में बेहतर है लेकिन शत प्रतिशत टीकाकरण लक्ष्य को यथाशीघ्र प्राप्त करने के लिए अब स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाएगी। इसके अलावा कोविड वैक्सीनेशन सेंटर भी बढ़ा दिये गए हैं जिससे किशोर-बच्चे और बुजुर्ग जल्द से जल्द टीका लगवा सकें।

जिला टीकाकरण अधिकीरी डॉ. भानू पटेल ने बताया: “गर्मी में लोग टीकाकरण केंद्र तक कम पहुंच रहे हैं। ऐसे में अब स्वास्थ्य विभाग की टीम लोगों के घर-घर जाएगी। सोमवार को हम टीकाकरण का महाभियान फिर से चला रहे हैं। इसके बाद भी टीकाकरण की रफ्तार बढ़ी ही रहेगी, केंद्रों की संख्या में भी बढ़ोत्तरी की गई है। कई सारे बुजुर्ग अभी भी छूटे हुए हैं और बच्चे भी इस सूची में शामिल है। हमें जल्द से जल्द हर वर्ग में पूर्ण टीकाकृत जिला बनना है।“

स्वास्थ्य विभाग के शहरी कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. राकेश वर्मा ने बताया: “वर्तमान में कोविड टीकाकरण के गिरते ग्राफ को देखते हुए शहरी क्षेत्र में वार्ड स्तर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर छूटे हुए हितग्राहियों को टीकाकृत करेगी। जिसमें 12 से 14 साल, 15 से 17 साल और 60 साल से अधिक लोगों को उनके घर जाकर टीकाकृत करेगी। लोगों से अपील है कि कोरोना की संभावित चौथी लहर आने से पहले अपने आप को पूर्णत: टीकाकृत कर लें और स्वास्थ्य विभाग की टीम का सहयोग करें।“

स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 27 मई तक 15 से 17 आयुवर्ग में कुल लक्षित 93,351 किशोरों में से 84,509 किशोरों को पहला और 56,327 किशोरों को दूसरा डोज लग चुका है। यानी 90.54 प्रतिशत बच्चों को पहला और 60.39 प्रतिशत बच्चों को दूसरा डोज लग चुका है। खरसिया में सर्वाधिक 106 प्रतिशत बच्चों को पहला डोज लगा है। दूसरा डोज लगाने के मामले में 82.9 प्रतिशत के साथ बरमकेला ब्लॉक पहले स्थान पर है जहां 96.9 प्रतिशत बच्चों को पहला डोज लग चुका है। प्रीकॉशन डोज 54,722 लोगों को लग चुकी है जिसमें 10,267 हेल्थकेयर वर्कर्स, 10,742 फ्रंट लाइन वर्कर्स, 33,713 60 वर्ष से अधिक आयु के हैं। इसी तरह 12-14 आयुवर्ग में 45,914 बच्चों को पहला और 14,686 बच्चों को दूसरा डोज लग चुका है।

सोमवार को यहां लगेंगे टीके
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार वार्ड 7 इंदिरा नगर के शहरी स्वास्थ्य केंद्र, वार्ड 33 गांधी नगर के शहरी स्वास्थ्य केंद्र, वार्ड 26 में जतन केंद्र (जिला पंचायत कार्यालय के सामने), वार्ड 2 रामभांठा के स्वास्थ्य केंद्र, वार्ड 34 सराईभद्दर के स्वास्थ्य केंद्र, वार्ड 35 झोपड़ी पारा के स्वास्थ्य केंद्र, वार्ड 4 जगतपुर- वार्ड 38 देवार पारा- वार्ड 9 इंदिरा नगर के स्वास्थ्य केंद्र, वार्ड 14 रामलीला मैदान स्थित म्यूनिसिपल स्कूल, वार्ड 23 कच्ची खोली सिंधी कॉलोनी के आंगनबाड़ी केंद्र, वार्ड 10 बाघ तालाब- वार्ड 28 पंजरी प्लांट-वार्ड 6 दीनदयाल कॉलोनी और वार्ड 31 लेबर कॉलेनी के आंगनबाड़ी केंद्र में कोविड टीकाकरण किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING