Advertisement Carousel
Uncategorized

आईये तिरंगे की देशभक्ति का जज्बा फैलाएं : रामचन्द्र 100 मीटर लंबा तिरंगा की निकलेगी तिरंगा यात्रा विप्र फाउंडेशन व संस्कार स्कूल की पहल

रायगढ़। भारत के आजादी के 75वें वर्ष पूर्ण होने के पावन अवसर पर विप्र फाउंडेशन एवं संस्कार पब्लिक स्कूल के संयुक्त तत्वाधान में तिरंगा यात्रा का आयोजन 13 अगस्त को होने जा रहा है। विप्र फाउंडेशन के जिलाध्यक्ष विजय शर्मा मार्बल एवं महिला प्रकोष्ठ अध्यक्षा मंजू जोशी ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष रामचन्द्र शर्मा के नेतृत्व में एवं संस्कार पब्लिक स्कूल की प्राचार्या रश्मि शर्मा के सहयोग से तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 13 अगस्त को प्रात: 9:30 बजे से स्थानीय नटवर स्कूल मैदान से आरंभ होकर कलेक्टर बंगले के सामने से सत्तीगुड़ी चौक, घड़ी चौक, हंडी चौक, गद्दी चौक, सुभाष चौक, गांधी पुतला चौक होते हुए स्टेशन चौक से वापस नटवर स्कूल पहुंचेगी। उक्त यात्रा में देश भक्ति का जज्बा दिखलाई पड़ेगा।

advertisement


जनता से शामिल होने की अपील

विप्र फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष एवं संस्कार पब्लिक स्कूल के मार्गदर्शक रामचन्द्र शर्मा ने बातचीत में बताया कि विप्र फाउंडेशन के सदस्य, महिला प्रकोष्ठ के सदस्य, संस्कार पब्लिक स्कूल के सभी शिक्षकगण, कक्षा 6वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी इसमें शामिल होंगे। इस तिरंगा यात्रा में खास बात यह होगी कि विशेष रूप से बना हुआ 100 मीटर का तिरंगा झंडा लेकर सभी विद्यार्थी एवं विप्र फाउंडेशन के सदस्य चलेंगे। यह पहला मौका है कि 100 मीटर लंबा तिरंगा लेकर आजादी का पर्व स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा। इसलिए शर्मा ने रायगढ़वासियों से अपील की है कि तिरंगे के प्रति अपनी आस्था, सम्मान, समर्पण, देशभक्ति को प्रदर्शित करने का यह शानदार मौका है। अत: सभी रायगढ़वासी, युवा, महिलायें आदि इस यात्रा में शामिल हों। ताकि आनेवाली पीढ़ी देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING