Advertisement Carousel
Uncategorized

छत्तीसगढ़ सक्रिय पत्रकार संघ का प्रादेशिक सम्मेलन व सम्मान समारोह 26 फरवरी को चांपा में


रायपुर मुख्यालय । छत्तीसगढ़ सक्रिय पत्रकार संघ का प्रादेशिक पत्रकार सम्मेलन/कार्यशाला एवं सम्मान समारोह-2023 का आयोजन 26 फरवरी रविवार को जांजगीर-चांपा जिले के हॉटल रंगमहल में आयोजित किया जा रहा है । यह कार्यक्रम दो सत्रों में होगा। इसकी तैयारी लगभग पूर्णता की ओर है। इस महत्वपूर्ण आयोजन में व्याख्यान हेतु देश के नामचीन वरिष्ठ पत्रकारों को अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। जो अपने पत्रकारिता जीवन के अनुभवों की पाठशाला से छत्तीसगढ़ के पत्रकारों की लेखनशैली, वाकपटुता में अमूलचूल परिवर्तन लाने में सहायक सिद्ध होंगें।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष राज गोस्वामी ने आयोजन के संबंध मे जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन का मूल स्वरूप प्रादेशिक कार्यशाला है, जिसमें प्रदेश के प्रत्येक जिलों के शहरी ग्रामीण आंचलिक पत्रकार भाग लेंगे। कार्यशाला का विषय ”पत्रकारिता के सामाजिक सरोकार और चुनौतियां” निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम मे उक्त विषय पर कार्यशाला व परिचर्चा होगी। साथ ही अतिथियों और पत्रकारों के बीच खुला संवाद होगा।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से स्वाधीनता आंदोलन में पर्दे के पीछे अनगिनत किरदारों की गवाही को अपने दस्तावेजों में दर्ज करने वाले देश के ख्यातिनाम वरिष्ठ पत्रकार ,भारत सरकार के सर्वोच्च सम्मान पद्मश्री से सम्मानित श्री विजय दत्त श्रीधर (संस्थापक, माधवराव सप्रे समाचार संग्रहालय एवं शोध संस्थान भोपाल) , इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पितामह राज्यसभा टेलीविजन दिल्ली के पूर्व एक्जिक्यूटिव डायरेक्टर श्री राजेश बादल , उड़ीसा राज्य में हिंदी पत्रकारिता के जनक डा. सुशील दाहिमा (वरिष्ठ पत्रकार, साहित्यकार, कवि एवं कथाकार उड़ीसा), डा.सतीश जायसवाल, वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार, श्री सुभाष त्रिपाठी, संपादक दैनिक बयार रायगढ़, डा.शाहिद अली, विभागाध्यक्ष, कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय रायपुर छत्तीसगढ़ बतौर अतिथि कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ में उत्कृष्ट पत्रकारिता करने वाले दो पत्रकारों को प्रदेश स्तरीय सम्मान क्रमशः गणेश शंकर विद्यार्थी सम्मान एवं माधवराव सप्रे सम्मान -2023 से अतिथियों द्वारा सम्मानित किया जाएगा। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं को भी संघ द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंतिम सत्र में पत्रकार संघ की वार्षिक आमसभा व संघ की भावी योजनाओं, पदाधिकारियों के चुनावों पर विचार विमर्श किया जाएगा । सभी पत्रकार साथियों से कार्यक्रम में उपस्थिति होकर अनुभवी अतिथि वरिष्ठ पत्रकारों की कार्यशाला/पाठशाला का लाभ उठाने का आग्रह किया गया है।

advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING