Advertisement Carousel
Uncategorized

सारंगढ़ के उपार्जन केन्द्रों के निरीक्षण में पहुंचे कलेक्टर श्री भीम सिंह, धान खरीदी का लिया जायजा


रायगढ़, / कलेक्टर श्री भीम सिंह ने सारंगढ़ और भडि़सार के धान उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने केन्द्रों में आए किसानों से चर्चा की और प्रबंधकों से अब तक हुई खरीदी की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने प्रतिदिन समय से खरीदी शुरू करने व उस दिन के लिए जारी टोकन अनुसार खरीदी पूर्ण करने के लिए कहा। साथ ही पूरी गंभीरता से तौलाई करवाने के निर्देश दिए। धान की बोरियों की व्यवस्थित स्टेकिंग करवाने के लिए भी समिति प्रबंधन को निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक मीणा, जिला पंचायत सीईओ डॉ.रवि मित्तल भी उपस्थित थे।
इस दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने प्रबंधक से व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बताया कि किसानों के लिए सभी प्रकार की व्यवस्थाएं की गई है। इसके साथ ही सभी कार्य नियत समय में किया जा रहा है। जिससे किसानों को परेशानी न हो। इस दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने उपार्जन केन्द्र में धान बेचने आये किसानों से खरीदी संबंधी व्यवस्थाओं पर चर्चा की। किसानों ने कहा कि उपार्जन केन्द्र में सारी व्यवस्था बेहतर है। इस दौरान अम्बे नगर सारंगढ़ निवासी किसान श्री गजराज सिंह रात्रे ने बताया कि टोकन कटवाने और तौलाई में किसी प्रकार की समस्या नही आ रही हैं।
इसके पश्चात उन्होंने भडि़सार नवीन उपार्जन केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने समिति प्रबंधक से व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। प्रबंधक ने बताया कि किसानों द्वारा बहुत दिनों से मांग थी कि भडि़सार को उपार्जन केन्द्र बनाया जाए। पहले किसानों को केडार उपार्जन केन्द्र जाना पड़ता था, जो 5 से 7 किलोमीटर दूरी पर है। भडि़सार में उपार्जन केन्द्र बनने से किसान काफी खुश है। इस दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने धान की नमी का मापन करवाया। उन्होंने तौल हो चुके धान की बोरियों की पुन: तौलाई करवाकर भी देखा। उन्होंने कहा कि धान की तौलाई पूरी गंभीरता से किया जाए। इस दौरान उन्होंने प्रबंधक से बारदाना के संबंध में जानकारी ली। प्रबंधक ने बताया कि बारदाना पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। कलेक्टर श्री सिंह ने प्रबंधक से किसानों के भुगतान के संबंध में जानकारी ली। प्रबंधक ने बताया कि अपेक्स बैंक के माध्यम से किसानों को नियमित भुगतान किया जा रहा है। वर्तमान में बैंक में भीड़ एवं दूरी की समस्या को देखते हुए कलेक्टर श्री सिंह अपेक्स बैंक के अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों के स्थानीय स्तर पर भुगतान के लिए समुचित व्यवस्था किया जाए। जिससे किसानों को नगद निकासी में किसी प्रकार की समस्या न हो।
इस दौरान एसडीएम सारंगढ़ श्री नंदकुमार चौबे, उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं श्री सुरेन्द्र कुमार गोंड़ सहित संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING