Advertisement Carousel
Uncategorized

प्रचार के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं पर पुलिसिया कार्यवाही अवैधानिक…निर्वाचन आयोग से की गई शिकायत…

रायगढ़…भाजपा कार्यकर्ताओं पर प्रचार के दौरान की गयी पुलिसिया कार्यवाही पर ओ.पी.चौधरी के निर्वाचन अभिकर्ता द्वारा कड़ा प्रतिवाद किया गया है। भाजपा की ओर से आज निर्वाचन आयोग को शिकायत की गयी जिसमें कहा गया है कि रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा अपने घोषणा पत्र के अनुरूप महतारी वंदन योजना का प्रचार किया जा रहा है, किंतु शासकीय अधिकारियों द्वारा इसमें अवैधानिक ढंग से व्यवधान उत्पन्न किया जा रहा है। पुसौर क्षेत्र के हमारे कार्यकर्ताओं को आज पुलिस द्वारा बाधित किया गया और उन्हें गिरफ्तार कर थाने ले जाया गया। यह कार्रवाई पूरी तरह अवैधानिक है एवं चुनाव आचार संहिता का शासकीय अधिकारियों द्वारा खुला अवमानना है। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आम जनता को किसी भी तरह से कोई प्रलोभन नहीं दिया जा रहा है, किंतु कांग्रेस के इशारे पर शासकीय अधिकारियों द्वारा भारतीय जनता पार्टी को प्रचार करने से रोका जा रहा है। पुलिस अधिकारियों द्वारा भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया जाना भाजपा को भयभीत करने की कोशिश है जो कि असंवैधानिक है। भाजपा ने चेतावनी देते हुये लिखा है कि यदि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को चुनाव प्रचार करने के दौरान रोका गया अथवा कोई दमनात्मक कार्यवाही की गयी,तो भारतीय जनता पार्टी द्वारा इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा तथा किसी भी तरह की अशांति फैलने या कानून व्यवस्था भंग होने पर इसकी समस्त जवाबदेही शासन की होगी।
भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा महतारी वंदन योजना का प्रचार किसी भी तरह से गैर कानूनी नहीं है, अतः कोई भी व्यवधान भारतीय जनता पार्टी द्वारा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा । भाजपा ने चुनाव से निवेदन किया है कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को निर्बाध गति से चुनाव प्रचार करने दिया जाए।

advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING