Advertisement Carousel
Uncategorized

सभी के संयुक्त प्रयास से कोविड संक्रमण होगा नियंत्रित…डॉ.प्रेमसाय सिंह टेकाम


प्रभारी मंत्री ने की जिले में कोविड से निपटने की गयी तैयारियों की समीक्षा
उपचार की समुचित व्यवस्था के साथ ही कोविड प्रोटोकाल्स के पालन पर दिया जोर
रायगढ़,
/ जिले के प्रभारी मंत्री डॉ.प्रेमसाय सिंह टेकाम ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले में कोविड से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक तैयारियों के साथ  सभी वर्गों के सहयोग से संक्रमण को नियंत्रित करने में हम सफल होंगे। रायगढ़ औद्योगिक जिला होने के कारण यहां बाहरी लोगों का काफी आना-जाना लगा रहता है। इसको लेकर विशेष सतर्कता बरतते हुए सभी प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित किया जाए। विदेशों से आने वाले लोगों की अनिवार्य रूप से जांच करवायें तथा उन्हें आईसोलेट करें। सार्वजनिक स्थानों और दुकानों पर मास्क के उपयोग को बढ़ावा दें। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधात्मक आदेश जारी होने पर जमाखोरी और मुनाफाखोरी की आशंका होती है। इसको लेकर भी पूरी प्रशासनिक सख्ती बरती जाए ताकि लोगों को किसी प्रकार की समस्या न हो।

advertisement

वर्चुअली आयोजित इस समीक्षा बैठक में उच्च शिक्षा मंत्री श्री उमेश पटेल, विधायक रायगढ़ श्री प्रकाश नायक, विधायक धरमजयगढ़ श्री लालजीत सिंह राठिया, विधायक सारंगढ़ श्रीमती उत्तरी गनपत जांगड़े, विधायक लैलूंगा श्री चक्रधर सिंह सिदार व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री निराकार पटेल शामिल हुए। इसके साथ ही विभिन्न एनजीओ व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया।
कलेक्टर श्री भीम सिंह ने इस दौरान जिले में टेस्टिंग, ट्रेसिंग, ऑक्सीजन व आईसीयू बेड, ऑक्सीजन की उपलब्धता, मेडिकल उपकरण व मैन पॉवर की व्यवस्था के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज में कोविड वार्ड बनाया जा रहा है। इसके अतिरिक्त सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में भी कोविड और आइसोलेशन वार्ड तैयार किये गए हैं साथ ही यहां ऑक्सीजन आपूर्ति के लिए पाइप लाइन के साथ ऑक्सीजन प्लांट्स भी लगाए गए हैं। निजी अस्पतालों को भी पिछली बार की तरह कोविड वार्ड तैयार करवा कर उन्हें अलर्ट मोड में रखा गया है। जिले में उपचार के लिए समुचित व्यवस्था तैयार कर ली गयी है। साथ ही संक्रमण के नियंत्रण के लिये धारा 144 लागू की गई है और विभिन्न प्रतिबंधात्मक निर्देश भी जारी किए गए हैं। मरीजों का चिन्हांकन कर वार्ड वॉर और ग्राम वॉर क्लस्टर की पहचान की जा रही है ताकि कन्टेनमेंट नियमों का कड़ाई से पालन हो और संक्रमण प्रसार को नियंत्रित किया जा सके। उन्होंने बताया कि उद्योगों और चेम्बर ऑफ कॉमर्स की भी पिछले दिनों बैठक लेकर प्रोटोकॉल के पालन के निर्देश दिये गए हैं। बॉर्डर और रेलवे स्टेशन पर भी चेकिंग जारी है। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को लगातार मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं। इसी के साथ जिले में हो रहे टीकाकरण अभियान की भी कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिले में लक्ष्य अनुसार दोनों डोज टीकाकरण का कार्य पूरा किया जा चुका है। इसके साथ ही 15 से 18 वर्ष के किशोरों का टीकाकरण भी पूरी तेजी से जिले में करवाया जा रहा है। इसके लिए स्कूलों में विशेष वैक्सीनेशन कैम्प लगाए जा रहे है। पिछले 40 हजार से अधिक बच्चों का टीकाकरण पूरा किया जा चुका है।
इस दौरान संयुक्त कलेक्टर श्री डिगेश पटेल, सीएमएचओ डॉ.एस.एन.केसरी, मेडिकल कालेज अधीक्षक डॉ.मनोज मिंज, डॉ.एस.टोप्पो, जिला शिक्षा अधिकारी श्री आर.पी.आदित्य, महिला बाल विकास अधिकारी श्री टी.के.जाटवर, ईई पीडब्लूडी श्री खाम्बरा, जीएम डीआईसी श्री एस.के.राठौर, एडीसी श्री संजय राजपूत, श्री सुशील मित्तल, बिजयनी जेना, रमाकांत बरेठ, मुकेश कुमार, प्रवीण गुप्ता, कन्हैया दास सहित निजी अस्पतालों से डॉ.मनोज गोयल, डॉ.अंकित गुप्ता, डॉ.साहू, डॉ.मनोज पटेल सहित उद्योगों से प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING