Advertisement Carousel
Uncategorized

छाल पुलिस की अवैध कबाड़ पर बड़ी कार्रवाई: अलग-अलग दो वाहनों से 3.5 लाख से अधिक रूपये का 77 क्विंटल कबाड़ जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देशन एवं एसडीओपी खरसिया श्री प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में छाल पुलिस ने अवैध कबाड़ परिवहन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो वाहन समेत लाखों रुपए का स्क्रैप जब्त किया है। कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज के नेतृत्व में की गई, जिसमें दो आरोपी चालकों को हिरासत में लिया गया है।
थाना प्रभारी मोहन भारद्वाज को सूचना मिली थी कि दो वाहन—एक टाटा 407 और एक स्वराज माजदा—में अवैध कबाड़ लोड कर हाटी मुख्य मार्ग होते हुए छाल की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर तत्परता दिखाते हुए आज दोपहर निरीक्षक मोहन भारद्वाज, उप निरीक्षक मदन पाटले व उनकी टीम ने मुख्य मार्ग पर नाकेबंदी कर दोनों वाहनों को रोका। जांच के दौरान टाटा 407 वाहन क्रमांक CG 10 AL 4843 और स्वराज माजदा वाहन क्रमांक CG 12 AZ 3191 में भारी मात्रा में लोहा, टीन व अन्य स्क्रैप सामग्री लोड पाई गई।
टाटा 407 का चालक लव कुमार कंवर (27 वर्ष), निवासी दादरखुर्द, थाना मानिकपुर, जिला कोरबा तथा माजदा वाहन का चालक अशलम खान (36 वर्ष), निवासी बुधवार बाजार कोरबा, थाना सीएसईबी चौकी, जिला कोरबा—दोनों ही स्क्रैप के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके और संतोषजनक जवाब भी नहीं दे पाए। संदेह के आधार पर दोनों वाहनों का वजन कराया गया, जिसमें टाटा 407 में लगभग 26 क्विंटल स्क्रैप (कीमत ₹82,500) और माजदा वाहन में लगभग 51 क्विंटल स्क्रैप (कीमत ₹2,82,000) पाया गया।
दोनों वाहनों समेत कबाड़ सामग्री को जप्त करते हुए आरोपी चालकों के विरुद्ध इस्तगासा क्रमांक 01/2025 व 02/2025 के तहत धारा 35(क)(ड) BNSS तथा 303(2) BNS के अंतर्गत कानूनी कार्रवाई की गई है। संपूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक मोहन भारद्वाज, उप निरीक्षक मदन पाटले, प्रधान आरक्षक शंभू पाण्डेय, शंकर सिंह क्षत्री एवं आरक्षकगण की सक्रिय भूमिका रही।
पुलिस की इस तत्परता से अवैध कबाड़ व्यापार में संलिप्त तत्वों को स्पष्ट संदेश गया है कि छाल थाना क्षेत्र में ऐसे कृत्यों पर सख्त निगरानी और कठोर कार्रवाई की जाएगी।

advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING