Advertisement Carousel
Uncategorized

ओड़िशा से गांजा ला रहे दो आरोपित गिरफ्तार, डेढ़ किलो गांजा और बाइक जब्त

, रायगढ़– जूटमिल पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ओड़िशा से गांजा लेकर आ रहे दो आरोपियों को पकड़ा गया है जिसमें एक विधि के साथ संघर्षरत बालक है। आरोपियों के कब्जे से करीब डेढ़ किलो गांजा, एक बाइक और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। वहीं इस मामले में एक आरोपी फरार है जिसकी तलाश जारी है।

मामला 25 अगस्त की शाम का है जब थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक प्रशांत राव को मुखबिर से सूचना मिली कि एक मोटरसाइकिल में दो युवक ओड़िशा से गांजा लेकर रायगढ़ की ओर आ रहे हैं। सूचना पर तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और पुलिस टीम ने गढ़उमरिया मेन रोड स्थित चंद्रशेखर साव के भोजनालय के सामने घेराबंदी की। इसी दौरान संदेहास्पद बाइक को रोककर तलाशी लेने पर पीछे बैठे युवक के पास प्लास्टिक पन्नी में गांजा का पैकेट मिला।

advertisement

पकड़े गए युवकों ने अपना नाम दिलीप सिंह राजपूत पिता स्व. पिताम्बर सिंह राजपूत (33 वर्ष), निवासी बाझीनपाली थाना जूटमिल और एक विधि से संघर्षरत बालक बताया। पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि वे छातामुड़ा संत विनोबा नगर निवासी सुलेमान लकड़ा उर्फ जुले के कहने पर ओड़िशा से गांजा लेकर आ रहे थे, जिसे रायगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में बेचने की योजना थी। उल्लेखनीय है कि दिलीप सिंह राजपूत और सुलेमान लकड़ा पहले भी गांजा प्रकरण में जेल जा चुके हैं और जमानत पर बाहर हैं।
आरोपियों के मेमोरेंडम पर पुलिस ने 1 किलो 558 ग्राम गांजा (कीमत लगभग 15 हजार रुपये), होण्डा साइन मोटरसाइकिल क्रमांक CG-13-AM-7231 (कीमत 30 हजार रुपये), एक वीवो मोबाइल और एक रियलमी नारजो मोबाइल जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों को सक्षम न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेजा गया है, वहीं मुख्य आरोपी सुलेमान लकड़ा फरार है जिसकी तलाश की जा रही है।
कार्रवाई थाना प्रभारी प्रशांत राव के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक शशिदेव भोय, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र भगत, आरक्षक लखेश्वर पुरसेठ, सुशील यादव और नरेश रजक की टीम द्वारा की गई। नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING