Advertisement Carousel
Uncategorized

पति की प्रताड़ना से तंग आकर विवाहिता ने की थी आत्महत्या, घरघोड़ा पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार…

रायगढ़, 12 नवंबर। पति की प्रताड़ना से परेशान होकर एक विवाहिता ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मामला थाना घरघोड़ा क्षेत्र के ग्राम कोटरीमाल का है, जहां बसंतपुर धरमजयगढ़ निवासी 28 वर्षीय श्रीमती आसंमोती उर्फ दिला बिरहोर ने 9 नवंबर 2025 की दोपहर आम के पेड़ में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मर्ग जांच में पाया कि मृतिका को उसका पति सुंता बिरहोर आए दिन मारपीट कर प्रताड़ित करता था। साक्ष्य मिलने पर घरघोड़ा पुलिस ने आरोपी पति के विरुद्ध आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण का अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया है।

जांच में यह तथ्य सामने आया कि वर्ष 2019 में सुंता बिरहोर और मृतिका दिला बिरहोर के बीच प्रेम संबंध के बाद विवाह हुआ था। विवाह के बाद दोनों कुछ वर्ष तक बसंतपुर में साथ रहे, इस दौरान उनके एक पुत्र का जन्म हुआ। पुत्र के जन्म के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ा और सुंता बिरहोर अपनी पत्नी और बच्चे को छोड़कर अपने गांव कोटरीमाल लौट गया तथा लगभग चार वर्षों तक पत्नी से अलग रहा। अक्टूबर 2025 में दीपावली के पहले वह पत्नी को वापस अपने साथ ले गया, परंतु घरेलू कलह और मारपीट की प्रवृत्ति में कोई बदलाव नहीं आया।

advertisement

घटना वाले दिन सुबह भी सुंता बिरहोर ने अपनी पत्नी के साथ झगड़ा कर मारपीट की थी। उसी दिन दोपहर में दिला बिरहोर ने मेन सिंह राठिया के काजूबाड़ी स्थित आम के पेड़ में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर कार्यपालिक दंडाधिकारी एवं एफएसएल टीम रायगढ़ की मौजूदगी में मर्ग जांच, पंचनामा और शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। परिजनों के बयान एवं पीएम रिपोर्ट से यह पुष्टि हुई कि मृतिका ने पति की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या की है।

मर्ग जांच के आधार पर घरघोड़ा पुलिस ने कल अपराध क्रमांक 302/2025 धारा 108 बीएनएस के तहत आरोपी सुंता बिरहोर पिता हरिराम बिरहोर उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम कोटरीमाल थाना घरघोड़ा पर दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। घरघोड़ा पुलिस ने आरोपी को आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। संपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू व हमराह स्टाफ सहायक उप निरीक्षक रामसाजीवन वर्मा, आरक्षक दिनेश सिदार, प्रदीप तिग्गा शामिल रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING