Advertisement Carousel
Uncategorized

सड़क सुरक्षा को लेकर रायगढ़ यातायात पुलिस की पहल : हाईवे पर ट्रैफिक पुलिस ने मवेशियों के गले में लगाए रेडियम बैंड….पशुपालकों और सरपंचों को मवेशियों को सड़क पर न छोड़ने की अपील…

*रायगढ़, दिनांक 27 जुलाई 2026* । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में सड़क सुरक्षा को लेकर रायगढ़ यातायात पुलिस द्वारा एक अभिनव एवं जनहितकारी अभियान चलाया गया। ट्रैफिक डीएसपी श्री उत्तम प्रताप सिंह तथा थाना प्रभारी यातायात निरीक्षक रोहित बंजारे के नेतृत्व में कल रायगढ़-खरसिया राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर सड़क और सड़क किनारे घूम रहे घुमंतू एवं आवारा मवेशियों के गले में रेडियम रिफ्लेक्टिव टेप बैंड लगाए गए तथा पशुपालकों और पुलिस मित्रों को मवेशियों के गले में रेडियम पट्टे लगाने वितरण किया गया है। इस अभियान के तहत आज भी यातायात पुलिस द्वारा कोतरारोड क्षेत्र में घुमंतू मवेशियों को रेडियम पट्टे लगाए गए।



बरसात के मौसम में मवेशी अक्सर हाईवे, सड़कों पर बैठ जाते हैं या अचानक सड़क पार करने लगते हैं। रात के समय कम दृश्यता के कारण वाहन चालकों को वे समय पर दिखाई नहीं देते, जिससे गंभीर सड़क दुर्घटनाएं होने की आशंका बनी रहती है। इसी जोखिम को कम करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा यह विशेष अभियान चलाया गया। रेडियम बैंड वाहनों की हेडलाइट पड़ते ही दूर से चमकते हैं, जिससे चालक समय रहते मवेशियों को देखकर वाहन की गति नियंत्रित कर सकते हैं और दुर्घटनाओं से बचाव संभव हो पाता है।

अभियान के दौरान हाईवे किनारे बसे गांवों के सरपंचों, जनप्रतिनिधियों एवं पशुपालकों से भी यातायात पुलिस ने संवाद किया। उन्हें अपने-अपने गांवों के मवेशियों के गले में रेडियम पट्टे लगाने, मवेशियों को खुले में सड़क पर नहीं छोड़ने तथा उनके लिए घर अथवा गौठान में चारा-पानी की समुचित व्यवस्था करने की समझाइश दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि सड़क सुरक्षा को प्रभावी बनाने में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।

यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने मवेशियों को राष्ट्रीय राजमार्ग एवं मुख्य मार्गों पर खुला न छोड़ें तथा सड़क सुरक्षा अभियान में पुलिस और प्रशासन का सहयोग करें। वहीं वाहन चालकों से भी विशेष रूप से बरसात एवं रात्रि के समय निर्धारित गति सीमा का पालन करने, सतर्कता के साथ वाहन चलाने तथा हाईवे पर मवेशी दिखाई देने पर संयम एवं सावधानी बरतने की अपील की गई।

जनजागरूकता, सामुदायिक सहभागिता और ऐसे नवाचारों के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है। मानव जीवन की सुरक्षा के साथ-साथ बेजुबान पशुओं की रक्षा के उद्देश्य से चलाया गया यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

advertisement

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश

  *"सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। बरसात के मौसम में हाईवे पर घूमने वाले मवेशी गंभीर सड़क दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं। पशुपालक अपने मवेशियों को खुले में सड़क पर न छोड़ें, उनके लिए घर अथवा गौठान में चारा-पानी की व्यवस्था करें और उनके गले में रेडियम बैंड (पट्टे) लगाएं। पुलिस का यह अभियान जनसहयोग से ही सफल होगा।"*

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING