Advertisement Carousel
Uncategorized

संस्कार स्कूल में राज्योत्सव की रही धूम छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति की दिखी झलक, धूमधाम से मनाया गया छत्तीसगढ़ राज्य का स्थापना दिवस छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक-शिक्षिकाओं ने दी छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य की रंगारंग प्रस्तुति….


रायगढ़। शहर की प्रसिद्ध शैक्षणिक संस्था संस्कार पब्लिक स्कूल में बुधवार 1 नवंबर को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर स्कूल में छत्तीसगढ़ी लोक नृत्य व संस्कृति की धूम रही। छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी लोकनृत्य की रंगारंग प्रस्तुति दी। इस दौरान पूरा स्कूल परिसर तालियों की गडग़ड़ाहट से गूंजता रहा।
स्कूल के मार्गदर्शक रामचंद्र शर्मा ने छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर बच्चों को संबोधित करते हुए संक्षेप में छत्तीसगढ़ राज्य की विशेषता, यहां की कला संस्कृति व लोकनृत्य के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 1 नवंबर सन् 2000 को नया राज्य बनने के बाद छत्तीसगढ़ ने बहुत तेजी से प्रगति की है और देश के साथ विदेश में भी अपनी एक अलग पहचान बनाई है। वन संपदा व खनिज संसाधनों से भरपूर यह राज्य आगे चलकर विकास के नए सोपान तय करेगा। इसमें हम सबकी भागीदारी जरूरी है।


स्कूल की प्राचार्य श्रीमती रश्मि शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में स्कूल के बच्चों ने छत्तीसगढ़ी वेशभूषा में यहां की लोक संस्कृति व नृत्यों की शानदार प्रस्तुति दी। शिक्षकों ने भी उनका बखूबी साथ दिया। उनकी प्रस्तुति की खूब सराहना हुई। स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चे तो छत्तीसगढ़ी वेशभूषा में काफी आकर्षक लग रहे थे। ऐसा लगा कि स्कूल परिसर में पूरे छत्तीसगढ़ राज्य की लोक संस्कृति उतर आई हो। सभी ने छत्तीसगढ़ राज्य का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। इस मौके पर स्कूल के एक्टिंग डायरेक्टर सीपी देवांगन सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, बच्चे व स्कूल स्टाफ मौजूद रहा।

advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING