Advertisement Carousel
Uncategorized

पूर्ण गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में पूरे करें निर्माण कार्य – कमिश्नर क्षत्रिय…प्यासा मैदान उन्नयन और चांदनी चौक से सर्किट हाउस तक सड़क निर्माण की तैयारियों का लिया जायजा, तकनीकी विशेषज्ञों और ठेकेदारों के साथ की समीक्षा…

*रायगढ़, 20 नवंबर 2026//* शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम अब निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता को लेकर भी सख्त रुख अपना रहा है। इसी कड़ी में निगम कमिश्नर श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय ने आज नगरोत्थान के तहत स्वीकृत प्यासा मैदान उन्नयन कार्य एवं चांदनी चौक से सर्किट हाउस तक प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित ठेकेदार एवं इंजिनियर को भी मौके पर बुलाया गया। तकनीकी विशेषज्ञों की टीम के साथ दोनों निर्माण कार्यों के तकनीकी पहलुओं, कार्ययोजना और निर्माण की गुणवत्ता पर विस्तार से चर्चा की गई।

कमिश्नर श्री क्षत्रिय ने स्पष्ट निर्देश दिए कि दोनों कार्यों को बिना अनावश्यक विलंब के तत्काल प्रारंभ करने की दिशा में कार्रवाई करें। निर्माण के दौरान तकनीकी मानकों और निर्धारित गुणवत्ता का पूरी तरह पालन होने के साथ कार्य तय समय-सीमा में कार्य पूर्ण होना चाहिए। उन्होंने कहा कि शहर के विकास कार्यों में देरी और गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। ठेकेदार अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाएं और निर्माण कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करना सुनिश्चित करें।

advertisement

नाला निर्माण में देरी नहीं चलेगी, 20 दिनों में काम पूरा करने की डेडलाइन

कमिश्नर श्री क्षत्रिय ने शहर में प्रगतिरत नाला निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने हांडी चौक से सुभाष चौक, अग्रसेन चौक से सीबीएसई कार्यालय से न्यू शनि मंदिर तक तथा गौरी शंकर मंदिर से मेन रोड तक निर्माणाधीन नालों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गति और गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए संबंधित ठेकेदार को आगामी 20 दिनों के भीतर सभी निर्धारित नाला निर्माण कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।कमिश्नर ने कहा कि शहर की जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करना निगम की प्राथमिकता है। नाला निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी से आम नागरिकों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। ठेकेदार निर्धारित समय-सीमा को गंभीरता से लें और पर्याप्त संसाधन एवं श्रमिक लगाकर कार्य में तेजी लाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और गुणवत्ता एवं समय-सीमा के पालन में किसी भी तरह की ढिलाई पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।कमिश्नर श्री क्षत्रिय ने दो टूक कहा कि शहर में चल रहे सभी विकास कार्यों का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसलिए हर निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप, गुणवत्तापूर्ण और समय पर पूरा होना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING