Advertisement Carousel
Uncategorized

भगवान बिरसा मुंडा को मूर्ति तक सीमित रखने वाले, गौरव दिवस का आयोजन करने वालो को नसीहत दे रहे:- सुमीत शर्मा…सुमीत शर्मा का पलटवार – बघेल जी, पहले अपने दाग देखिए, फिर संस्कार की बात कीजिए…बघेल जी, सूखा नशा बोलकर आपने CM का नहीं, पूरे आदिवासी समाज का अपमान किया….जिनकी राजनीति महादेव ऐप और शराब घोटाले में डूबी हो,वो ज्ञान बांटकर नौ सौ चूहें खाकर बिल्ली हज को चली वाली कहावत को चरितार्थ कर रहे भूपेश बघेल…

रायगढ़ :- पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा मंत्री ओपी चौधरी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पर की गई टिप्पणी पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष सुमीत शर्मा ने पलटवार करते हुए कहा यूपीए सरकार में आपकी पार्टी के प्रधान मंत्री स्वर्गीय मनमोहन सिंह के हाथों माननीय वित्त मंत्री ओपी चौधरी जी पुरस्कृत हो चुके। आपकी पार्टी ओपी चौधरी जी की विद्वता की कायल है लेकिन ओपी चौधरी की नीतियों से कांग्रेस को यह भय सता रहा कि अगले विधान सभा चुनाव में कांग्रेस की बुरी तरह हार होगी। विपक्ष के दौरान भी ओपी चौधरी से आपकी अदावत किसी से नहीं छुपी है सरकार में रहते हुए आपने ओपी चौधरी के खिलाफ मामले पंजीबद्ध कराए।

advertisement

कांग्रेस की नाक में दम करने वाले ओपी चौधरी से कांग्रेस की दुश्मनी पूरे प्रदेश में जांचर्चा का विषय है। बघेल जी ने भगवान बिरसा मुंडा जी को लेकर मंत्री ओपी चौधरी जी पर निशाना साध कर आप अपनी लोकप्रियता बढ़ाना चाहते है। लेकिन सच यह है कि नाम किसी से चूक से गलत हुआ हो तो उसे स्वीकार करना ही संस्कार है। बघेल जी आपने तो मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी पर ‘सूखा नशा’ करने जैसा घटिया और व्यक्तिगत आरोप लगा दिया।उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए संस्कार ही धरोहर है। व्यक्ति का सम्मान ही उसकी राजनीतिक पूंजी है। हम विरोधी का भी सम्मान करते हैं। बघेल जी ने एक आदिवासी समाज से आने वाले मुख्यमंत्री, जो सरलता और सादगी के लिए जाने जाते हैं, उन पर नशे का आरोप लगाकर सिर्फ साय जी का नहीं, पूरे छत्तीसगढ़ के आदिवासी समाज का अपमान किया है। सुमीत शर्मा ने कहा कि बघेल जी जल, जंगल, जमीन की बात करते हैं। लेकिन उनके 5 साल के राज में हसदेव में पेड़ कटते रहे, वे दिल्ली दरबार में चुप रहे। उन्होंने ही कोयला खदानों के लिए अनुमति की फाइलें आगे बढ़ाईं।

आज वे अडानी का नाम लेकर जनता को गुमराह कर रहे हैं, लेकिन जनता जानती है कि अडानी को सबसे ज्यादा लाभ उन्हीं के शासनकाल में मिला।उन्होंने कहा कि बघेल जी पेसा और वनाधिकार की बात करते हैं, 2003 से 2018 तक का हिसाब मांगते हैं। लेकिन वे यह क्यों भूल जाते हैं कि 2018 से 2023 तक वे खुद मुख्यमंत्री थे। तब उन्होंने कितने वनाधिकार पट्टे बांटे? कितने गांवों को सामूहिक वनाधिकार दिया? उन्होंने तो आदिवासी युवाओं को बेरोजगारी भत्ते के नाम पर ठगा। सलवा जुडूम पर सुमीत शर्मा ने कहा कि सलवा जुडूम आदिवासियों का ही आंदोलन था, नक्सलियों के आतंक से त्रस्त आदिवासियों का। बघेल जी उस दर्द को भी राजनीति में भुना रहे हैं। उन्होंने कहा कि बघेल जी ने 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस मनाया, हमने भी उसका सम्मान किया।

लेकिन फर्क यह है कि बघेल जी ने आदिवासी दिवस को उत्सव बनाया और हमने भगवान बिरसा मुंडा के नाम पर जनजातीय गौरव दिवस को पूरे देश में गौरव से मनाया। हमने आदिवासी महापुरुषों को पाठ्यपुस्तकों में जगह दी, उनके गांवों को विकसित किया। ओपी चौधरी जी पर तंज को लेकर सुमीत शर्मा ने कहा कि ओपी चौधरी जी ने आईएएस की नौकरी छोड़कर जनता की सेवा चुनी, यह त्याग है। बघेल जी ने तो मुख्यमंत्री की कुर्सी को ही अपनी जागीर समझ लिया था। उन्होंने कहा कि बघेल जी कहते हैं उनकी राजनीति पर दाग नहीं हैं। लेकिन छत्तीसगढ़ की जनता को महादेव ऐप, कोयला घोटाला, शराब घोटाला सब याद है। सीबीआई की बात बघेल जी खुद छेड़ रहे हैं। तो आइए, सार्वजनिक मंच पर चर्चा कर लीजिए।

दूध का दूध, पानी का पानी हो जाएगा। सुमीत शर्मा ने कहा कि हम भगवान बिरसा मुंडा को सिर्फ मूर्ति लगाने तक सीमित नहीं रखते। हम उनके विचारों को जीते हैं – जल, जंगल, जमीन की रक्षा भी करेंगे और विकास भी करेंगे। बघेल जी की राजनीति आरोप लगाने की है, हमारी राजनीति संस्कार और सेवा की है। यही हमारी धरोहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING