
रायगढ़:-:जिसने कभी दुनिया देखी, वही दुनिया को रोशनी दे गया। यही भावना सोमवार को भगवानपुर स्थित गणपति ऑटोमॉल में आयोजित नेत्रदान महादान सम्मान समारोह में हर चेहरे पर दिखाई दी। आंखों में नमी थी, दिल में गर्व था और मन में अपने उन अपनों की याद थी, जो जाने के बाद भी किसी और की दुनिया रोशन कर गए।बुधवार को गणपति ऑटोमॉल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, जिंदल रोड, भगवानपुर में आयोजित इस भव्य समारोह में हिंदू हृदय सम्राट डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया जी की विशेष उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ा दिया। उनके आते ही पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा।समारोह में उन परिवारों का सम्मान किया गया, जिन्होंने विगत में मरणोपरांत अपने परिजनों का नेत्रदान कर पुनीत कार्य किया था।इतवारी बाजार निवासी स्व. कुलदीप सिंह गुप्ता, जिनका 72 वर्ष की आयु में निधन हुआ था, उनके पुत्र मनीष गुप्ता और परिजनों ने नेत्रदान कर समाज को बड़ी प्रेरणा दी। इसी श्रृंखला में कोतरारोड निवासी स्व. कुसुम लता जैन के पुत्र रजत जैन एवं परिवारजनों ने मरणोपरांत नेत्रों का दान किया। कबीर चौक, उड़ीसा रोड निवासी स्व. प्रेम सुख बंसल के नेत्रों का दान उनके पुत्र सुशील बंसल एवं किशन बंसल द्वारा किया गया था। इन सभी परिवारों का डॉ. प्रवीण तोगड़िया के हाथों साल एवं श्रीफल से सम्मान किया गया। सम्मान के क्षण में पूरा हॉल भावुक हो उठा।

इस अवसर पर डॉ. तोगड़िया ने इस पुनीत कार्य को करने वाली संस्था देवकी रामधारी फाउंडेशन की पूरी टीम और उसके अध्यक्ष दीपक डोरा की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि बड़े-बड़े शहरों में भी इतना बड़ा नेत्रदान का कार्यक्रम और जन जागरूकता नहीं चलाई जाती, लेकिन एक छोटे से शहर रायगढ़ में इतनी बड़ी संख्या में 10 सालों में इतने अधिक लोगों ने मरणोपरांत नेत्रदान के साथ-साथ देहदान देकर चिकित्सा जगत में एक नया आयाम स्थापित किया है। मैं पूरी टीम को बधाई देता हूं। इस भव्य आयोजन का नेतृत्व देवकी रामधारी फाउंडेशन के चेयरमैन दीपक डोरा द्वारा किया गया। कार्यक्रम में नगर के वरिष्ठ पत्रकारों, मीडिया कर्मियों, नेत्रदान एवं देहदान करने वाले महानुभावों के परिजनों तथा गणपति ऑटोमॉल के कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह के दौरान पत्रकार वार्ता का भी आयोजन किया गया, जिसमें नगर के वरिष्ठ पत्रकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
नेत्रदान एवं देहदान जैसे समाजहित के पुनीत कार्यों से जुड़े परिजनों की उपस्थिति ने आयोजन को एक विशेष भावनात्मक और सामाजिक महत्व प्रदान किया। इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए डॉ. तोगड़िया ने कहा कि नेत्रदान और देहदान मानवता की सेवा के ऐसे महान कार्य हैं, जिनसे किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में नई रोशनी और समाज में नई प्रेरणा का संचार होता है। ऐसे पुनीत कार्यों से जुड़े लोगों एवं उनके परिजनों का सम्मान करना निश्चित रूप से समाज को सकारात्मक दिशा देने वाला कदम है।कार्यक्रम में उमड़ी भारी भीड़, गणमान्य नागरिकों की सहभागिता और उपस्थित से आयोजन गरिमामय रहा।आयोजक दीपक डोरा ने इस आयोजन के माध्यम से समाज में नेत्रदान एवं देहदान के प्रति सम्मान, जागरूकता और सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करने का सराहनीय प्रयास किया। इस प्रकार के आयोजन समाज में मानव सेवा, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
